यूपी बोर्ड की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए बने केंद्रों पर सीसी कैमरा, वायस रिकार्डर सहित अन्य सुविधाओं की ऑनलाइन मानीटरिंग में इंटरनेट नेटवर्किंग रोड़ा साबित हो रहा है। सर्वर के सही तरीके से न चलने से राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में बने कंट्रोल रूम से केंद्रों का सही लोकेशन भी नहीं मिल पा रहा है।
जिले में बोर्ड परीक्षा के लिए 131 केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें 93 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से समय सारिणी जारी करने के बाद से ही केंद्रों पर तैयारियां भी तेज हो गईं हैं। शनिवार को 77 केंद्रों पर कापियां भी भिजवाई जा चुकी है। अब 54 अन्य केंद्रों पर सोमवार को कापियां भिजवा दी जाएंगी। इससे पहले शहरी और ग्रामीण इलाकों में बने केंद्रों पर परीक्षा व्यवस्था की ऑनलाइन मानीटरिंग कराई जा रही है। रविवार को अवकाश के बाद भी क्वींस कॉलेज से दिन भर एक-एक केंद्र की निगरानी होती रही। इसमें शहरी इलाकों में तो कुछ ठीक, लेकिन ग्रामीण इलाकों में अधिकांश केंद्रों पर नेटवर्क सहीं न होने से मॉनीटरिंग में असुविधा हुई।
जिला विद्यालय निरीक्षक डा. विनोद कुमार राय ने बताया कि केंद्रों पर लगे कैमरे, राउटर की मदद से निगरानी की जा रही है। ग्रामीण इलाकों में कुछ जगहों पर सही नेटवर्क न होने से परेशानी हो रही है।