वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया और फिट इंडिया अभियान से प्रेरणा लेते हुए नगर निगम ने शहर के उभरते बास्केटबॉल खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। निगम प्रशासन ने जेपी मेहता इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर बास्केटबॉल (महिला एवं पुरुष) कोर्ट का निर्माण कराने का निर्णय लिया है।
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि जेपी मेहता इंटर कॉलेज के ग्राउंड पर बनने वाला यह कोर्ट युवाओं को समर्पित है। डिजाइन फाइनल होते ही निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कराया जाएगा। नगर निगम काशी के हर खेल और हर खिलाड़ी के साथ खड़ा है। बीते दिनों नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने जेपी मेहता इंटर कॉलेज का निरीक्षण कर इस परियोजना के धरातल पर उतरने का निर्देश दिया था। नगर निगम की कार्यकारिणी से भी इसे हरी झंडी मिल चुकी है।
निगम के सामान्य अभियांत्रिकी विभाग ने इस परियोजना पर काम भी शुरू कर दिया है। वर्तमान में विभाग विशेषज्ञों की मदद से कोर्ट का विस्तृत ड्राइंग और डिजाइन तैयार करने में जुटा है। इस कोर्ट को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। जिसमें सिंथेटिक सरफेस, फ्लड लाइट्स और दर्शकों के बैठने की उचित व्यवस्था होगी। महिला और पुरुष खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यहां चेंजिंग रूम और अन्य बुनियादी ढांचे का निर्माण भी प्रस्तावित है। जेपी मेहता ग्राउंड शहर के मध्य में स्थित होने के कारण बास्केटबॉल खिलाड़ियों के लिए सबसे पसंदीदा अभ्यास स्थल रहा है।