जनता दर्शन में हुई तीन शिकायतों पर गंभीरता दिखाते हुए सीडीओ पुलकित खरे ने मंगलवार को अलग-अलग जांच टीम गठित कर दी है। चिरईगांव ब्लॉक के मिल्कोपुर गांव के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य चंद्रशेखर सिंह चौहान ने शिकायत की कि ग्राम प्रधान और सचिव ने पूर्व में बने 11 शौचालयों को दिखाकर धन हड़पा है। इस पर सीडीओ ने एसडीएम सदर, उपायुक्त एनआरएलएम, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई की संयुक्त जांच टीम गठित कर दी है।
इसी प्रकार सेवापुरी ब्लॉक के मझियार गांव के श्रीनाथ यादव ने शिकायत की कि लोहिया गांव इसवार में अपात्र व्यक्तियों को लोहिया आवास और अन्य सरकारी सुविधाएं देकर धांधली की जा रही है। इस पर सीडीओ ने एसडीएम राजातालाब, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी की संयुक्त जांच टीम गठित की है। चोलापुर ब्लॉक के बाबतपुर गांव के कांग्रेस कार्यकर्ता संतोष कुमार चौबे ने शिकायत की कि ग्राम प्रान और ग्राम विकास अधिकारी स्वच्छ भारत मिशन के तहत बन रहे शौचालयों के लिए लाभार्थियों से धन उगाही कर रहे हैं। इस पर सीडीओ ने एसडीएम पिंडरा, जिला विकास अधिकारी और अधिशासी अभियंता आरईएस की जांच टीम गठित की है