अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आज गंगा की लहरों पर भी योग का नजारा देखने को मिला। डोमरी के रहने वाले छेदी बाबा उर्फ श्रीबाबा ने गंगा जल पर योग के कई करतब दिखाए। दोनों पैर बांधकर पद्मासन और शव आसन का अद्भुत नजारा तो आश्चर्य से भर देने वाला था।
रविवार को पंचगंगा घाट के सामने गंगा पार रेत की तरफ से श्रीबाबा ने गंगा के जल पर योगासन किया। भगवा वस्त्रों में उन्होंने मां गंगा को प्रणाम करके डुबकी लगाई और उसके बाद आसन आरंभ किए। श्रीबाबा के अनुसार वह करीब चालीस साल से जल योग कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बताया कि जल योग करने से आन्तरिक और वाह्य शक्ति को मजबूती मिलती है। जल योग करने वाले को कोई बीमारी नहीं होती है। उन्होंने सबसे पहले पद्मासन, फिर शवासन, ज्ञानमुद्रा, शक्ति चालनी मुद्रा, जपमुद्रा आदि का प्रदर्शन किया। बाबा ने बताया कि वह 15 साल की उम्र से योग कर रहे हैं। उनके गुरु हरिनंदन स्वामी ने उन्हें योग करना सिखाया।