वाराणसी। धूप-ताप की परवाह किए बगैर 128 महादानी दूसरों को जीवनदान देने का संकल्प लिए रविवार को आईएमए पहुंचे। स्वैच्छिक रक्तदाता दिवस पर आयोजित अमर उजाला फाउंडेशन के रक्तदान शिविर में सुबह से ही लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया जो समय समाप्ति के बाद भी चलता रहा।
आजमगढ़, मिर्जापुर, मुगलसराय, गाजीपुर से भी आकर लोगों ने रक्तदान किया। इस मौके पर हेरिटेज चिकित्सा विज्ञान संस्थान के चिकित्सकों ने लोगों का स्वास्थ्य भी परीक्षण किया।
रक्तदान के प्रति लोगों में गजब का उत्साह देखने को मिला। युवाओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में बुजुर्ग और महिलाओं ने भी शिविर में आकर रक्तदान किया। अकथा के दीपांकर शर्मा, चेतगंज के मोहित गुप्ता, महमूरगंज के विशाल गुप्ता, उत्कर्ष गुप्ता समेत कुछ लोग तो शिविर शुरू होने से पहले ही पहुंच गए थे।
युवा सुबह से ही शिविर में आने लगे थे जबकि गृहणियां तो घर का कामकाज समाप्त करने के बाद ही रक्तदान करने पहुंचीं। शिविर का उद्घाटन करते हुए आएमए के सचिव डॉ. अरविंद सिंह ने कहा कि जिस समय परिवार के लोगों के संबल की जरूरत रोगी को होती है, उस समय उन्हें रक्त की तलाश में भटकना पड़ता है।
इस स्थिति से निजात तभी मिल सकती है जब जिले की कुल आबादी के चार फीसदी लोग स्वेच्छा से रक्तदान करने लगें। ऐसा होने लगेगा तब बिना एक्सचेंज के आसानी से हर किसी को खून मिल सकेगा। इस दौरान हेरिटेज चिकित्सा संस्थान के चिकित्सक डॉ. अभिषेक पांडेय, डॉ. शफाक इमाम सिद्दीकी सहित कई लोग मौजूद रहे।
अतिथियों का स्वागत अमर उजाला के महाप्रबंधक एपी सिंह ने बुके देकर किया। शिविर में आईएमए के चिकित्सक और कर्मचारियों के साथ अशोका इंस्टीट्यूट पहड़िया की टीम ने शिविर के संचालन में सहयोग किया।