रिक्शा चालक के साथ बदसुलूकी करता दरोगा और सिपाही।
- फोटो : अमर उजाला
ई-रिक्शा चालक से मारपीट और गालीगलौज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर सोमवार को दशाश्वमेध थाने के दरोगा ओम नारायण शुक्ल और सिपाही अरविंद कुमार यादव को एसएसपी ने निलंबित कर दिया। निलंबन की अवधि में दरोगा और सिपाही की काउंसलिंग कराकर बताया जाएगा कि आमजन से कैसा व्यवहार करना है।
सोशल मीडिया पर रविवार को एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें दशाश्वमेध थाने के पास एक दरोगा और सिपाही एक ई-रिक्शा चालक से मारपीट करते हुए गालीगलौज कर रहे थे। एसएसपी ने प्रकरण की जांच सीओ दशाश्वमेध प्रीति त्रिपाठी को देकर रिपोर्ट मांगी।
एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि वीडियो छह मई का था और अभी वायरल हुआ है। ई-रिक्शा चालक की गलती थी और पुलिस उसे थाने ले जा रही थी, लेकिन उसके साथ बदसलूकी नहीं की जानी चाहिए थी। जांच में दरोगा और सिपाही को गलत पाए जाने पर निलंबित कर दिया गया है।