Varanasi News: पर्यटक और सारनाथ थाने में तैनात सिपाहियों से जब पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों के नाम पूछे तो जवाब मिला कि नहीं पता। सोमवार को निरीक्षण पर निकले पुलिस कमिश्नर ने सिपाहियों को जमकर फटकार लगाई।
साथ ही पास खड़े एडीसीपी क्राइम राजेश सिंह से कहा कि इन्हें अपडेट कीजिए, लगे कि पुलिसिंग हो रही है। अपराधियों की सूचना पट्ट को हर तीन महीने बाद बदलने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि हिस्ट्रीशीटरों के अलावा खनन, चोरी, लूट सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों में जेल जाने वालों के नाम भी लिखें।
लाइन में लगाकर सिपाहियों से पूछे सवाल
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल शाम 6.20 बजे पर्यटक थाना सारनाथ पहुंचे। ड्यूटी रजिस्टर चेक कर पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। पुलिसकर्मियों को लाइन में सबसे पहले बीट नंबर एक के सिपाही उमेश यादव से अपराधियों का नाम पूछा। नाम न बता पाने पर वह भड़क गए। फिर पूछा कि रजिस्टर नंबर आठ में क्या-क्या होता है। इस प्रश्न पर सिपाही महेश चौहान भी कुछ नहीं बोल पाए। एक भी पुलिसकर्मी द्वारा बीट सूचना रिपोर्ट दर्ज न कराने पर वह नाराज दिखे।