पुलिस ने मामले की जांच के दौरान शक के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर रविवार सुबह बस्ती के पास स्थित कालापानी तालाब में तलाश की गई। यह तालाब सीमेंट फैक्ट्री की बंद पड़ी खदान में बना है। वहां से विशाल का शव बरामद हुआ। शव मिलने की जानकारी होते ही परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
चोपन थानाध्यक्ष गोपालजी गुप्ता ने बताया कि आरोपी ने सोते समय बच्चे को उठाकर तालाब में फेंक दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई। पूछताछ में पता चला कि आरोपी का बच्चे के घर आना-जाना था। बच्चे की मां से भी उसके अच्छे संबंध थे। घटना वाली रात आरोपी मां को तलाशते हुए घर पहुंचा था। वहां मां के नहीं मिलने पर वह सो रहे बच्चे को उठाकर अपने साथ ले गया और पानी से भरी खदान में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।