बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल स्थित कोविड-19 वार्ड के चौथे मंजिल से कूदकर कोरोना पॉजिटिव अंकित पाठक (21) ने रविवार की देर रात जान दे दी। फूलपुर थाना अंतर्गत बाबतपुर क्षेत्र के कैथोली गांव निवासी जितेंद्र पाठक के इकलौते पुत्र अंकित को एक हफ्ते पहले मस्तिष्क में कुछ समस्या होने पर बीएचयू अस्पताल में इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था।
इस बीच अंकित के कोरोना पॉजिटिव की रिपोर्ट आने पर उन्हें कोविड-19 वार्ड में भर्ती कराया गया। अंकित के जीजा नैपुरा डाफी निवासी किशन मिश्रा ने बताया कि हमें अस्पताल प्रशासन की ओर से आधी रात बाद बताया गया कि अंकित ने अस्पताल के चार मंजिला भवन से कूद कर जान दे दी है।
किशन ने कहा कि अस्पताल में घोर लापरवाही हुई है, इसके चलते परेशान होकर अंकित ने जान दे दी है। उधर, अंकित की मां माधुरी देवी और इकलौती बहन प्रीति मिश्रा का रो-रोकर बुरा हाल था। किशन ने बताया कि अंकित की मौत के संबंध में वह लंका थाने में तहरीर देकर उपचार में लापरवाही बरतने वाले डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे।
चीफ प्रॉक्टर ओपी राय के मुताबिक डिप्टी चीफ प्रॉक्टर सूचना पाकर गए। उसको इमरजेंसी ले जाया गया, जहां डाक्टरो ने मृत घोषित कर दिया।