छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने और मेक इन इंडिया की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से एमएसएमई विभाग की ओर से चांदपुर में शनिवार से दो दिवसीय वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम शुरू हो रहा है। कार्यक्रम में स्वदेशी उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने के लिए 50 आकर्षक स्टॉल लगाए जाएंगे। विभाग की ओर से आयोजन की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इन स्टॉल पर काशी की पारंपरिक पहचान लकड़ी के खिलौनों के अलावा मशीन के स्पेयर पार्ट्स, मोमबत्तियां, कपड़े से निर्मित सजावटी आइटम, पैकेजिंग संबंधित सामग्री और अन्य स्थानीय उत्पादों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। उद्देश्य यह है कि छोटे और मध्यम स्तर के कारीगरों व उद्यमियों को नए बाजारों से सीधा संपर्क मिल सके। इस आयोजन में सिडबी, एनसीएल, गेल इंडिया, ईसीजीसी सहित 12 प्रमुख राष्ट्रीय कंपनियां हिस्सा लेने जा रही हैं। कार्यक्रम में युवा उद्यमियों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। एमएसएमई के क्षेत्रीय सहायक निदेशक राजेश कुमार चौधरी ने बताया कि इस बार औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई), पॉलिटेक्निक और अन्य तकनीकी संस्थानों के अधिकाधिक छात्रों को भी आमंत्रित किया गया है।