कैंट रेलवे स्टेशन पर बन रहा नया एफओबी
- फोटो : अमर उजाला
कैंट रेलवे स्टेशन पर गुड्स बाईपास ट्रैक भी बनाया जा रहा है, जो शिवपुर स्टेशन से कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नौ के पास से गुजरेगा। इस ट्रैक से मालगाड़ियां ही चलाई जाएंगी। बिना यॉर्ड में आए निकलने वाली इन मालगाड़ियों के कारण दूसरी ट्रेनें नहीं रोकी जाएंगी। सबसे ज्यादा लाभ पैसेंजर ट्रेनों को मिलेगा, जो कि मालगाड़ियों को पास कराने के चक्कर में लंबे समय तक रोकी जाती हैं।
कैंट स्टेशन निदेशक गौरव दीक्षित ने कहा कि झूंसी-बलिया के बीच में वाराणसी कैंट-वाराणसी सिटी के बीच ही ट्रैक सिंगल लाइन है। इसका दोहरीकरण कराया जा रहा है। 15 मई तक नॉन इंटरलॉकिंग के साथ ही काम पूरा होने की उम्मीद है। डाक प्लेटफार्म नंबर 10-11 के बनने से कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के परिचालन की क्षमता 20 फीसदी बढ़ जाएगी।
उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल के मुरादाबाद-रोजा रेल खंड पर रसुरिया व बंथरा स्टेशनों पर लंबी लूप लाइन और इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग का काम चल रहा है। इसके चलते कई ट्रेनें निरस्त कर दी गई हैं। इनमें कुछ ट्रेनें वाराणसी की भी शामिल हैं। पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि जिन ट्रेनों को निरस्त किया गया है, उनमें ट्रेन संख्या 15119 बनारस–देहरादून डेली एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 15127 बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस शामिल है। ये ट्रेनें 8 से 11 अप्रैल तक निरस्त रहेंगी। इसी तरह ट्रेन संख्या 15120 देहरादून-बनारस एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 15128 नई दिल्ली-बनारस एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 15910 लालगढ़-डिब्रूगढ एक्सप्रेस 9 से 13 अप्रैल तक निरस्त रहेंगी।
उत्तर मध्य रेल के रूमा-चंदारी रेलखंड के बीच तीसरी लाइन को चालू करने के लिए एनआई किया जाना है। इस कारण तीन ट्रेनों को बदले रास्ते से चलाया जाएगा। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया की 12 अप्रैल को हावड़ा से खुलने वाली हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस बदले मार्ग प्रयागराज छिवकी-मनिकपुर जं.-वीरांगना लक्ष्मीबाई (झांसी) आगरा कैंट-अछनेरा के रास्ते जाएगी। इसी तरह 12 अप्रैल को सियालदह से खुलने वाली सियालदह-अजमेर एक्सप्रेस और बीकानेर से खुलने वाली बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस भी बदले मार्ग अछनेरा-आगरा कैंट-वीरांगना लक्ष्मीबाई (झांसी)-मनिकपुर जं.-प्रयागराज छिवकी के रास्ते चलेगी।