मौजूदा ब्लॉक के 62 कमरों का नवीनीकरण हैंडओवर के दो महीने के भीतर पूरा किया जाना है। बता दें कि 1200 सीट वाले छात्रावास की वर्तमान भौतिक प्रगति 76 फीसदी बताई गई। ठेकेदार के खराब प्रदर्शन के चलते सीपीडब्ल्यूडी ने पूर्व में कार्य अनुबंध निरस्त कर दिया था। शेष कार्य के लिए 29 सितंबर को टेंडर प्राप्त हो चुके हैं। 17 अक्तूबर तक जमीनी स्तर पर काम दोबारा शुरू करने का लक्ष्य है। योजना के अनुसार एक हॉस्टल ब्लॉक और एक डाइनिंग ब्लॉक 31 दिसंबर तक पूरा किया जाएगा। दो ब्लॉक 31 मार्च 2027 तक और शेष दो ब्लॉक 30 जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
क्रिटिकल केयर अस्पताल में साइट की दिक्कत से हुई देरी
192 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर अस्पताल के निर्माण में साइट से जुड़ी कई दिक्कतों के कारण देरी की जानकारी दी गई। परियोजना को अगले वर्ष 31 जनवरी तक पूरा करने की समय सीमा बताई गई। अभियंताओं ने बताया कि सर्विस की टेस्टिंग और कमीशनिंग में करीब तीन सप्ताह और लगेंगे। जिलाधिकारी ने सीसीएच में शिफ्टवार मैनपावर बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी करते हुए काम को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
सगरा तालाब का कराएं सीमांकन
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने माधोपुर स्थित सगरा तालाब का निरीक्षण किया। इस दौरान तालाब के आसपास फैली गंदगी और अतिक्रमण पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। नगर आयुक्त ने तालाब के क्षेत्र का तत्काल सीमांकन (पैमाइश) कराने और आसपास किए गए अवैध अतिक्रमण को जल्द से जल्द हटाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही तालाब और उसके आसपास के परिसर में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई अभियान चलाने को कहा। नगर आयुक्त ने कहा कि तालाब के संरक्षण और सुंदरीकरण के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से वार्ता कर सोमवार से ही सफाई एवं अग्रिम कार्रवाई की योजना पर काम शुरू करने को कहा।