जिले में 13 जून को मानसून आने के बाद 19 जून तक रुक रुक बारिश होने से लोगों को उमस से राहत मिली थी, लेकिन सोमवार दिन में धूप निकलने से उमस अधिक रही। यही कारण है कि तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक एसएस पांडेय का कहना है कि अभी भी पुरवा हवाओं का दबाव बना है। इस वजह से इस सप्ताह बारिश के आसार हैं, इससे लोगों को उमस से राहत मिल सकती है।
मानसून आने के बाद वाराणसी समेत आसपास के जिलों में अच्छी बारिश देखने को मिली है। इस बीच सोमवार को बारिश तो नहीं हुई, लेकिन सुबह बादल छाए रहे और नम हवा चलती रही। हालांकि दोपहर बाद धूप इतनी तेज हुई कि लोग उमस से बेचैन हो गए। शनिवार को शहरी क्षेत्र में बारिश नहीं हुई, लेकिन ग्रामीण इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग ने पिछले 24 घंटे में 9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की है। मानसून आने के बाद कुल 214 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है। माना जा रहा है कि चार मिलीमीटर बारिश और हुई तो जून में दस साल की बारिश का रिकॉर्ड टूट सकता है। इधर, सोमवार को धूप होने से तापमान भी बढ़ गया। सोमवार को अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम 27 डिग्री रहा। रविवार को अधिकतम 32.6 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।