दीपावाली पर हुई आतिशबाजी का असर अब लोगों की सेहत पर भी दिखने लगा है। अस्थमा के मरीजों की समस्या बढ़ गई। बृहस्पतिवार को महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय में 35 से अधिक मरीज अस्थमा बीमारी के पहुंचे। मरीजों की उम्र 50 से 70 साल के बीच थी।
जिला अस्पताल में रोजाना 800 की ओपीडी होती है। अधिकतर मरीज मौसमी बीमारी के ही पहुंचते हैं। दीपावाली के बाद से ही अस्पताल में मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। बृहस्पतिवार को 925 मरीजों की ओपीडी रही। हवा में प्रदूषण बढ़ने से आंख में जलन के अलावा सांस लेने में तकलीफ हो रही है। बृहस्पतिवार को ओपीडी में करीब 35 से 40 मरीज ऐसे रहे, जिन्हें सांस लेने में तकलीफ की शिकायत रही। चेस्ट विशेषज्ञ न होने से फिजिशियन ने ही मरीजों को देखा। फिजिशियन डॉ. प्रदीप यादव ने बताया कि जो मरीज आए, उसमें करीब 95 फीसदी 50 से 70 साल तक के रहे। बताया कि पटाखों से निकले धुएं में सल्फर और नाइट्रस ऑक्साइड के कण हवा में घुल गए हैं। इससे हवा की गुणवत्ता खराब हुई है। इसका सीधा असर लोगों के फेफड़ों पर पड़ता है। इससे अस्थमा के मरीज अधिक परेशान होते हैं। दमा के मरीजों को इनहेलर साथ रखना चाहिए। धूम्रपान से बचना और ज्यादा तकलीफ होने पर डॉक्टर से संपर्क करना महत्वपूर्ण है। आईक्यू एयर की रिपोर्ट के अनुसार भदोही की एक्यूआई 165 है। हवा की गुणवत्ता की हानिकारक श्रेणी में है। रिपोर्ट के अनुसार 50 से 100 मध्यम श्रेणी, 100 से 150 खराब और 150 से 200 के बीच एक्यूआई रहने पर वह हानिकारक होता है। बीते चार दिनों से जिले में हवा की गुणवत्ता 165 से 175 के बीच है।