जिले में एक दिन में 1500 लोगों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से जोड़ा गया। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने विकास भवन सभागार में इसके लिए शाखा शिविर लगाया। सीडीओ प्रखर कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को लाभार्थियों को प्रमाणपत्र दिए गए। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के महाप्रबंधक टी कामेश्वर राव और क्षेत्र प्रमुख शैलेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में 63 शाखाओं और 350 से अधिक बीसी ने इसमें योगदान दिया। चालू वित्त वर्ष में कुल 6000 लोगों को इस योजना से जोड़ा गया है। अब तक वाराणसी में 12 लाख से अधिक लोग इस योजना से जुड़ चुके हैं। एलडीएम अविनाश अग्रवाल ने बताया कि आम जन के बीच चौपालों और बीएलबीसी की बैठकों में योजना के बारे में जागरूकता फैलाई जाती है।
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना 2015 में शुरू हुई थी। इसमें 18 से 70 वर्ष तक के लोग पात्र हैं। वार्षिक प्रीमियम मात्र 20 रुपये है, जो बचत खाते से स्वतः कट जाता है। दुर्घटना में मृत्यु पर दो लाख रुपये और स्थायी विकलांगता पर एक लाख रुपये का बीमा मिलता है।