पीएम नरेंद्र मोदी की सांसद निधि के काम में घपले के बाद हेरिटेज सिटी डेवलपमेंट एंड आग्मेंटेशन योजना (हृदय) के कार्यों में भी लाखों रुपये के गोलमाल का मामला सामने आया है। सिगरा क्षेत्र की अमर नगर कॉलोनी में एक ही सड़क के लिए विधायक निधि और हृदय योजना में बजट आवंटित करा लिया गया। कैंट क्षेत्र की पूर्व विधायक ज्योत्सना श्रीवास्तव ने दो साल पूर्व अपनी निधि से अमर नगर में सड़क बनवाई थी। 2016 में फिर इसी सड़क की मरम्मत के लिए हृदय योजना से पैसा पास कराया गया। भाजपा नेताओं ने शुक्रवार को इस घोटले की शिकायत सीडीओ पुलकित खरे से की। सीडीओ ने जांच कराने का आश्वासन दिया है।
पूर्व विधायक ज्योत्सना श्रीवास्तव की विधायक निधि से दो जून, 2015 में अमर नगर में 342 मीटर सड़क की मरम्मत कराई गई थी। अगले साल 2016 में शहरी विकास मंत्रालय की हृदय योजना के तहत अमर नगर में नाली, पटरी की इंटरलाकिंग एवं सड़क मरम्मत के लिए 63.90 लाख का बजट पास कराया गया। नाली और इंटरलाकिंग का काम तो आधा-अधूरा कराया गया लेकिन सड़क मरम्मत का काम कराया ही नहीं गया। यही नहीं, विधायक निधि से बनी सड़क को ही हृदय योजना के तहत बनना दिखाया गया और शिलापट्ट में सड़क मरम्मत का उल्लेख कर दिया गया। सूचना पट्ट पर पहले कार्य शुरू होने की तिथि एक मई 2016 और समाप्ति की तिथि 30 अक्तूबर 2016 और सड़क की लंबाई 613 मीटर दिखाई गई थी। बाद में इसे बदलकर कार्य शुरू होने की तिथि एक अगस्त 2016 और समाप्ति 30 अक्तूबर 2016 को दिखाया गया। सड़क की लंबाई भी 313 मीटर कर दी गई। कुछ दिन बाद फिर इसमें परिवर्तन कर सड़क की लंबाई 618 मीटर कर दी गई। कार्य शुरू होने की तिथि एक अगस्त 2016 और काम पूरा होने का समय 30 मार्च, 2017 दिखाया गया।
गौरतलब है कि हृदय योजना के तहत बनने वाले नाली, इंटरलाकिंग एवं सड़क मरम्मत की लागत 63.90 लाख थी। इसमें करीब 40 लाख रुपये सड़क मरम्मत के काम में लगने थे जो बचा लिए गए। भाजपा के कैंट मंडल के अध्यक्ष सौरभ सिंह मुन्ना, अनिल सोनकर, मिथिलेश गुप्ता, आनंद सिंह, नागेंद्र यादव, सुधीर जायसवाल, गौरव पांडेय और राहुल जायसवाल इस मामले की शिकायत लेकर शुक्रवार को सीडीओ से मिले। भाजपा नेताओं ने नगर निगम की भूमिका पर भी सवाल उठाए। नगर निगम के जरिए ही हृदय योजना का काम होता है।