जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए मंगलवार को हरहुआ और पिंडरा ब्लॉक में हुए दूसरे चरण के चुनाव में छिटपुट हंगामा और झड़प के बीच 61.10 फीसदी मतदान हुआ। इसी के साथ दोनों ब्लॉकों में जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों के 1508 प्रत्याशियों के भाग्य मतपेटिकाओं में बंद हो गए हैं। कुछ बूथों पर प्रत्याशियों-समर्थकों के आरोप-प्रत्यारोप तो कुछ बूथों पर पुलिस कर्मियों से झड़प के चलते आधे से एक घंटे तक मतदान प्रभावित हुआ। पहले चरण (सेवापुरी और बड़ागांव ब्लॉक) के मुकाबले दूसरे चरण में मतदाताओं में उत्साह अधिक दिखा। लगभग तीन फीसदी अधिक वोटिंग हुई। पहले चरण में 58.26 फीसदी मतदान हुआ था।
दूसरे चरण के मतदान में सबसे अधिक हंगामा रमदत्तपुर में हुआ। यहां बीडीसी प्रत्याशी के समर्थकों के बीच ईंट-पत्थर चले। बूथ कैप्चरिंग की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठियां पटककर भीड़ को खदेड़ा। इसके चलते तकरीबन एक घंटे तक मतदान प्रभावित रहा। मतदाताओं की कतार लंबी होने के कारण होलापुर बूथ पर शाम 6:30 बजे तक मतदान हुआ। हरहुआ ब्लाक के पिसौर में बीडीसी समर्थक और सिपाही के बीच कहासुनी हो गई। मामला तूल पकड़ने पर पहुंचे पुलिस ने लाठी पटककर भगाया। करोमा बूथ पर एक
प्रत्याशी ने मतदान अधिकारी पर एक प्रत्याशी के पक्ष में वोट डालने की शिकायत डीएम से की। कोईराजपुर में फर्जी मतदान की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठी पटककर खदेड़ा। इसी प्रकार पिंडरा ब्लाक नदोय प्राथमिक विद्यालय में पीठासीन अधिकारी पर फर्जी मतदान का आरोप लगाया गया। इसे लेकर नोंकझोंक हुई। शाम तक पिंडरा में 57.84 और हरहुआ ब्लाक में 64.37 फीसदी लोगों ने वोट डाले। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए हरहुआ से 5 सीटों पर114 और पिंडरा से 6 सीटों पर 87 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसी प्रकार बीडीसी पद की 135-135 सीटों के लिए हरहुआ से 667 और पिंडरा से 640 प्रत्याशी मैदान में हैं।