श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर थानों में अश्लील डांस आदि कार्यक्रम नहीं करने के डीजीपी के निर्देश के बाद भी अदलहाट थाने में रंगारंग कार्यक्रम हुआ।
इसमें भोजपुरी कलाकारों और नृत्यांगनाओं ने ठुमके लगाए और सादी वर्दी में सिपाहियों और अन्य ने रुपये लुटाए। शुक्रवार की रात से इसका वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि अभी कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
इस बार जन्माष्टमी पर अदलहाट थाने में बड़े स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुंबई से भोजपुरी कलाकारों और नृत्यांगनाओं को बुलाया गया था। रात में कार्यक्रम के दौरान नृत्यांगनाओं ने ठुमके लगाए।
इस दौरान सादे वेश में सिपाही और अन्य लोग नृत्यांगनाओं पर रुपये उड़ाते नजर आए। स्टेज पर नोट उड़ाने पर कुछ लोगों ने रोका भी लेकिन वे नहीं माने। इस कार्यक्रम का वीडियो वायरल हुआ है। बता दें कि मुंबई के कलाकार मोटी फीस लेते हैं।
सवाल उठ रहा है कि थाने में बड़े स्तर पर आयोजित कार्यक्रम के लिए पैसा कहां से आया। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अवधेश पांडेय ने कहा कि सभी थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। अदलहाट थाने के मामले की जांच कराई जाएगी। जो सच्चाई होगी, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।