धनतेरस पर पूर्वांचल के बाजारों में जबरदस्त रौनक रही। एक दिन में पूर्वांचल में लगभग 11 सौ करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। अकेले बनारस में यह आंकड़ा 750 करोड़ रुपये के आसपास रहा।
ऑनलाइन कारोबार में भी सोमवार को तेजी आई। बाजार विश्लेषकों ने इस बार पिछले साल से दोगुना से भी ज्यादा ऑनलाइन खरीदारी की संभावना जताई है।
तमाम शोरूम व प्रतिष्ठानों ने धनतेरस के लिए महीनों पहले से तैयारी शुरू कर दी थी। धनतेरस के एक दिन पहले पूरी रात प्रतिष्ठानों को सजाने व उत्पादों के बेहतर डिस्प्ले पर जमकर मेहनत की गई।
यही नहीं प्रचार माध्यमों से भी जन-जन तक छूट व उपहारों के बारे में बताया गया था। दोपहर में खुलने वाले प्रतिष्ठान सुबह ही खुल गए और ग्राहक भी आना शुरू हो गए।
दोपहर तो तमाम प्रतिष्ठानों खासकर, आभूषण, बर्तन, कास्मेटिक, रेडीमेड कपड़े, केराना आदि पर इस कदर भीड़ नजर आई मानो मुफ्त में बंट रहा हो।