डीएम सत्येंद्र कुमार ने मंगलवार को निर्माणाधीन राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज गड़खरा और पिंडरा के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के ग्राम करखियांव के सुंदरीकरण व पर्यटन विकास के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कॉलेज के विद्यार्थियों को खेल मैदान की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जमीन तलाशने के निर्देश एसडीएम को दिए। कहा कि खेल मैदान के लिए सर्वे कर आसपास की सरकारी भूमि चिह्नित कराएं। उन्होंने आसपास के क्षेत्र से अतिक्रमण को हटाने के लिए भी कहा।
राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के निर्माण कार्यों के निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल के अभियंता ने बताया कि इस परियोजना के 100 सीट वाले एकेडमिक ब्लॉक के स्लैब कास्टिंग का काम हो गया है। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों को तय समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। कहा कि औद्योगिक क्षेत्र विकसित कराने की दिशा में प्रभावी प्रयास करें। उन्होंने कॉलेज के सामने की गोशाला को दूसरी जगह शिफ्ट कराने को कहा। साथ ही मुख्य सड़क मार्ग से पहुंच मार्ग के निर्माण कार्य को शीघ्रता से पूरा कराने के निर्देश दिए। इको टूरिज्म योजना के तहत तालाब के सुंदरीकरण, पाथवे निर्माण, पौधरोपण कराने, जेटी लगाने, म्यूजिकल फाउंटेन विकसित कराने के लिए यूपीपीसीएल के माध्यम से एस्टीमेट तैयार कराने के निर्देश जेडी पर्यटन को दिए। उन्होंने पार्क के पानी के निकास के लिए पुल निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाने को कहा।