जौनपुर जिले के बरसठी थाना क्षेत्र के बसहरा गांव स्थित फिनो बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक को गोली मारकर बाइक सवार बदमाशों ने 50 हजार रुपये लूट लिया। घटना शनिवार शाम की है। गोली मारकर भाग रहे बदमाशों से केंद्र संचालक का भाई जूझ गया। उसने एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि रुपये लेकर दो बदमाश भागने में सफल रहे। पकड़े गए बदमाश से पुलिस पूछताछ में जुटी है। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बरसठी थाना क्षेत्र के खोइरी गांव निवासी विनोद यादव बसहरा गांव में फिनों बैंक की फ्रेंचाइजी चलाते हैं। वह शाम को 6:30 बजे किसी ग्राहक को रुपये का भुगतान कर रहे थे। तभी बाइक सवार तीन बदमाश पहुंचे और असलहा दिखाकर काउंटर में रखा रूपयों का बंडल समेटने लगे। विनोद ने विरोध किया तो एक बदमाश ने उस पर फायरिंग कर दी।
गोली उसके पैर में लगी। विनोद लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े तो बदमाश रुपये लेकर भागने लगे। गोली की आवाज सुन कुछ दूरी पर मौजूद विनोद का भाई राजेश मौके पर पहुंच गया और बदमाशों से जूझ गया। दिलेरी दिखाते हुए उसने एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि उसके चंगुल से छूटकर रुपये लेकर भागने में सफल रहे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने पकड़े गए बदमाश को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घायल युवक को एंबुलेंस से सीएचसी बरसठी पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। युवक के दोनों पैरों में कुल छह गोली लगी है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे एएसपी ग्रामीण संजय राय का कहना है कि बैंक फ्रेंचाइजी संचालक को गोली मारने वाले तीन बदमाशों में से एक को पकड़ लिया गया है। पकड़े गए बदमाश से पूछताछ की जा रही है। फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।