कोरोना पॉजिटिव मरीजों के मोहल्ले हॉटस्पॉट घोषित होने के बाद बुधवार शाम से इन इलाकों में सख्ती बढ़ा दी गई है। गंगापुर, लोहता, मदनपुरा और बजरडीहा इलाके को पूरी तरह सील करते हुए सभी लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है। यहां घर से बाहर निकलने वालों पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। बाहर से भी किसी व्यक्ति को इन मोहल्लों में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। वाराणसी में कोरोना के नौ मरीज मिलने के बाद शासन ने हॉटस्पॉट वाले इलाकों को पूरी तरह सील करने का निर्देश दिया गया है।
डीएम कौशलराज शर्मा ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद इन क्षेत्रों को रेड जोन बनाया गया है। इन इलाकों में किसी को जाने की अनुमति नहीं है। जरूरी सेवाओं के लिए बैरिकेड तक सब्जी, फल सहित अन्य जरूरी सामान पहुंचेगा। सुबह और शाम आधे घंटे की छूट होगी। इन चारों क्षेत्रों में लागू लॉक डाउन को अपग्रेड किया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि इन इलाकों में स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय है और लोगों पर नजर रखी जा रही है।
कोरोना के बनारस में नौ मरीजों की ट्रैवेल हिस्ट्री खंगाली जा रही है। कोरोना पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आये लोगों की सूची बनाई जा रही है।