काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर में बीच सड़क मेडिकल छात्रों संग रैगिंग का मामला सामने आया है। अहम बात है ये कि बुधवार सुबह जिस वक्त ये घटना घटी उस समय मेडिकल छात्रों के साथ बीएचयू के सुरक्षाकर्मी मौजूद थे, लेकिन वो मौन रहे। घटना से संबंधित वीडियो ट्वीट कर शिकायत की गई है।
बुधवार सुबह आईएमएस बीएचयू में आयुर्वेद संकाय के पास सीनियर छात्र द्वारा जूनियर छात्रों को अपशब्द कहने और उनके साथ अभद्रता का एक वीडियो सामने आया है। एनएसयूआई की बीएचयू इकाई ने इस वीडियो को बीएचयू के आला अधिकारियों के साथ ही पुलिस के अधिकारियों को ट्वीट कर रैगिंग की शिकायत की है।
1.46 मिनट का यह वीडियो वीसी ऑफिस, यूपी के डीजीपी सहित अन्य लोगों को टैग कर ट्वीट किया गया है। वीडियो में आयुर्वेद संकाय का एक सीनियर छात्र राह चलते जूनियर छात्रों को अपशब्द बोलते हुए सुनाई दे रहा है। इस तरह की स्थिति तब है जब मेडिकल छात्रों के साथ संकाय जाते समय सुरक्षा कर्मी भी रहते हैं।