इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) वाराणसी शाखा के 18 अक्तूबर को होने वाले चुनाव के लिए जिलाधिकारी ने अनुमति को निरस्त कर दिया है। अब चुनाव अधिकारी के चयन के साथ ही नए सिरे से चुनाव की प्रक्रिया कराई जाएगी। जिलाधिकारी की ओर से शुक्रवार को चुनाव की अनुमति निरस्त करने का आदेश जारी होने के बाद तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
आईएमए की आम सभा की मीटिंग में ही पहले से ही चुनाव अधिकारी के लिए डॉ. अजीत सैगल का नाम तय हो चुका था। नामांकन, नाम वापसी सहित अन्य प्रक्रिया के बाद चुनाव अधिकारी ने 18 अक्तूबर को चुनाव तिथि की घोषणा भी तीन दिन पहले ही की थी। हालांकि 18 अक्तूबर को चुनाव कराए जाने के फैसले पर वर्तमान में अध्यक्ष डॉ. मनीषा सिंह ने सवाल खड़ा करते हुए जिला प्रशासन से कोई जानकारी न होने की बात कही थी। इस बीच शुक्रवार को जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि आईएमए सत्र 2020-21 के 18 अक्तूबर को चुनाव को लेकर जो अनुमति मांगी गई थी, उसे निरस्त कर दिया गया है। भविष्य में चुनाव कराने के लिए वर्तमान अध्यक्ष डॉ. मनीषा सिंह सेंगर द्वारा जिला प्रशासन से नये स्तर से चुनाव अधिकारी के चयन, चुनाव कराने संबंधी अनुमति मांगे जाने पर चुनाव प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
18 अक्तूबर के चुनाव की अनुमति को निरस्त करने की कोई जानकारी नहीं है। शनिवार को सुबह 11 बजे जिलाधिकारी से चुनाव के मामले में ही मुलाकात की जाएगी। -डॉ. अजीत सैगल, चुनाव अधिकारी