कैंट रेलवे स्टेशन पर यूरिनल के नाम पर भी यात्रियों से दो रुपये लिए जाते हैं। यहीं, नहीं इसका विरोध करने पर पैसे मांगने वाले यह कहने लगते हैं कि स्वेेच्छा से मन करें तो दो रुपये दे दीजिए, कोई दबाव नहीं है। हम सफाई के लिए पैसा मांग रहे हैं।
कैंट रेलवे स्टेशन से रोजाना सौ जोड़ी से अधिक ट्रेनें गुजती हैं। यहां 67 हजार से अधिक यात्री आते-जाते हैं। इनकी सुविधाओं के लिए जगह-जगह शौचालय, स्नान घर और यूरिनल की व्यवस्था की गई है। यात्री हॉल में एक तरफ की गई इस व्यवस्था के लिए दो पुरुष कर्मचारी लगाए गए हैं, जो शौच और स्नान करने वालों से पैसा लेते हैं। लेकिन, ये कर्मचारी यूरिनल का प्रयोग करने आने वाले यात्रियों से भी दो रुपये टेबल पर रखने को कहते हैं। कारण पूछने पर कहते हैं, हम सफाई करते हैं, इसके लिए पैसा मांग रहे हैं। यदि आपका मन हो तो स्वेच्छा से दो रुपये दे दीजिए, नहीं तो कोई बात नहीं।
वाराणसी कैंट स्टेशन
- फोटो : अमर उजाला
फोटो खींचते ही बोले, नौकरी चली जाएगी
अवैध रूप से यूरिनल के नाम पर पैसे लेने की जानकारी होने पर फोटो खींचने पर दोनों कर्मचारी अपनी सीट से हटने लगे। साथ ही कहने लगे फोटो डिलीट कर दीजिए, नहीं तो शिकायत होने पर हमारी नौकरी चली जाएगी। वहीं, इस संबंध में पूछे जाने पर कैंट रेलवे स्टेशन निदेशक गौरव दीक्षित ने बताया कि यूरिनल के लिए कोई शुल्क नहीं है। यदि ऐसा है तो कोई शिकायत करें, संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।