फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अवैध निर्माणों पर लगाए लाल निशान

Sat, 04 Jun 2016 01:58 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
विज्ञापन
शहर में सुगम यातायात के लिए अतिक्रमण से अतिक्रमण हटाया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन छह जून से पूरे शहर में अभियान चलाएगा। इस क्रम में शुक्रवार को शहर के कई इलाकों में अवैध निर्माण चिह्नित कर उन पर लाल निशान लगाए गए। उधर, रायफल क्लब में व्यापारियों के साथ बैठक कर डीएम विजय किरन आनंद और एसएसपी आकाश कुलहरि ने अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापारियों से सहयोग की अपील की।  
विज्ञापन




एडीएम सिटी विंध्यवासिनी राय ने बताया कि मजिस्ट्रेटों और नगर निगम के अधिकारियों की टीम ने सोनारपुरा, बंगाली टोला, शिवपुर, गुरुबाग, लक्सा, विशेश्वरगंज, लहुराबीर, लंका और बीएचयू-नरिया मार्ग पर अवैध निर्माणों में लाल निशान लगाए। उन्होंने बताया कि अगले दो दिन तक इन क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की सूचना प्रसारित की जाएगी। इसके बाद सोमवार से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा ही अतिक्रमण हटाने के बाद फोटो खींची जाएगी। जहां भी दोबारा अतिक्रमण हुआ, वहां के थानेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।



उधर, बैठक में व्यापारियों ने अतिक्रमण के लिए नगर निगम, पुलिस और वीडीए को जिम्मेदार ठहराया। वहीं, डीएम ने कहा कि मजिस्ट्रेटों की 10 टीमें बनाई गई हैं, जिनकी निगरानी में यह अभियान निरंतर चलेगा। इसमें गरीब और अमीर सभी के अतिक्रमण हटाए जाएंगे। उन्होंने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि इस अभियान में वे सहयोग करते हैं तो उन्हें जिस विभाग से भी जरूरत पड़ेगी, मैं एनओसी दिलाऊंगा। बैठक में संजीव सिंह बिल्लू, मोहन लाल सरावगी, सुरेश तुलस्यान, श्रीनारायण खेमका, प्रदीप अग्रहरि, शोभनाथ, विश्वकर्मा, अजीत सिंह बग्गा, संदीप चतुर्वेदी सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।
विज्ञापन



डीएम ने व्यापारियों से कहा कि सड़कों पर भवन निर्माण सामग्री बेचने वालों पर भी कार्रवाई होगी। अभियान के दौरान ईंटें, गिट्टी-बालू आदि जो भी सामग्री जब्त की जाएगी, उसे पुलिस लाइन लाया जाएगा। बाद में इसका इस्तेमाल सरकारी निर्माण में किया जाएगा।


एसडीएम राजातालाब त्रिभुवन ने बताया कि क्षेत्र के बड़ौरा बाजार, जंसा, गंगापुर, रानी बाजार में शनिवार से अतिक्रमण चिह्नित कर लाल निशान लगाया जाएगा। इसके पहले कपसेठी चौराहे से अतिक्रमण हटाने के लिए लाल निशान लगाया था। शुक्रवार को यहां निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सभी लोगों ने स्वत: अतिक्रमण हटा लिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें