देखते ही देखते पूरा नौरंगा पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर उत्तर प्रदेश और बिहार पुलिस ने लगभग चार घंटे की संयुक्त कार्रवाई में नौरंगा व चक्की नौरंगा के कई घरों में छापा मारा। इस दौरान कार्बाइन, कई निर्मित व अर्धनिर्मित तमंचे, असलहे, एक मैगजीन व एक पेटी कारतूस के अलावा असलहे बनाने के उपकरण बरामद हुए।
पुलिस ने हथियार के व्यवसायी सुरेंद्र ठाकुर उर्फ चुहिया के पुत्र अमरेंद्र ठाकुर व राजू शर्मा पुत्र केदार शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। छापे की कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी बैरिया राजेश कुमार तिवारी, एसएचओ हल्दी मनोज कुमार सिंह, रेवती यादवेंद्र पांडेय, बैरिया राजीव कुमार मिश्र आदि भारी संख्या में पुलिस बल, वज्र वाहन के साथ मौजूद रहे।
दो लोगों की गिरफ्तारी हुई है, कार्बाइन सहित कुछ अन्य असलहे व भारी मात्रा में कारतूस बरामद हुआ है। पकड़े गए लोगों से पूछताछ हो रही है। पुलिस टीम अभी भी छापा मार रही है। इसमें कई बड़े मामले सामने आ सकते हैं। - डॉ. विपिन ताडा, पुलिस अधीक्षक , बलिया