आईआईटी बीएचयू के छात्रों को अब वेबसाइट पर सारे नोट्स मिलेंगे। छात्र-छात्राओं की पढ़ाई आसान करने के लिए नोटफ्लिक्स नाम से वेबसाइट लॉन्च की गई है। अकादमिक काउंसिल के तहत काम करने वाली नोटफ्लिक्स एकेडमिक काउंसिल ने इसे लॉन्च किया है। आईआईटी बीएचयू के 70 से ज्यादा पाठ्यक्रमों के नोट्स के साथ ही पिछले वर्ष के प्रश्न और अन्य संसाधनों को शामिल किया गया है।
अकादमिक काउंसिल छात्रों को अध्ययन, अध्ययन सामग्री और अच्छे प्रदर्शन में मदद करने का काम करती है। इसके अलावा छात्रों को इंटर्नशिप, प्लेसमेंट और अनुसंधान-उन्मुख गतिविधियों में उत्कृष्टता प्राप्त करने में मदद करने के लिए शैक्षणिक विकास पर केंद्रित विशेष सत्र का भी आयोजन करता है। सदस्य सौरभ ने बताया कि कई बार नोट्स पूरा नहीं होने की वजह से परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को परेशानी होती है। ऐसे में वेबसाइट लॉन्च की गई है। जेम्स थॉमस, आदर्श गुप्ता, गौरव कुमावत, यश कनोजिया ने वेबसाइट को बनाया है।
प्रसारित होगी रिकॉर्डिंग
अध्ययन सामग्री को विषयों के नाम से अलग किया गया है। नोटफ्लिक्स एक नोटिस डैशबोर्ड भी है। जहां अकादमिक काउंसिल की ओर से आगामी सत्रों की जानकारी और विभिन्न सत्रों की रिकॉर्डिंग प्रसारित की जाएगी। छात्र नोटफ्लिक्स साइट के उपयोग से सीधे जुड़ सकते हैं। किसी प्रकार की समस्या पर अकादमिक काउंसिल की मदद ले सकते हैं।