आईआईटी बीएचयू को आठ माह बाद स्थायी निदेशक मिल गया है। इस पद पर शिक्षा मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को आईआईटी खड़गपुर के उपनिदेशक प्रो. अमित पात्रा को नया निदेशक नियुक्त किया है। अब तक इस पद पर तैनात रहे प्रो. पीके जैन का कार्यकाल अगस्त 2023 को पूरा हो गया था। सेवा विस्तार के तहत वह इस जिम्मेदारी को संभाल रहे थे।
शिक्षा मंत्रालय ने छह भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) में निदेशक की तैनाती कर दी है। आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. पीके जैन ने एक अगस्त 2018 को यहां कार्यभार संभाला था। उनका कार्यकाल पिछले साल अगस्त में पूरा होने के बाद से इस पद पर नई तैनाती को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही थी। प्रो. अमित पात्रा के नाम पर मुहर लगने के बाद चर्चाओं पर भी पूर्ण विराम लग गया। आईआईटी खड़गपुर में इलेक्टि्रकल इंजीनियरिंग विभाग में प्रोफेसर अमित पात्रा जल्द ही यहां कार्यभार संभालेंगे। उन्होंने खड़गपुर आईआईटी से ही बीटेक, एमटेक, पीएचडी की डिग्री हासिल की है।