कुलपति प्रो. चतुर्वेदी ने सेंट्रल हिंदू गर्ल्स स्कूल, सेंट्रल हिंदू बॉयज स्कूल, कोल्हुआ स्थित प्राथमिक विद्यालय और रणवीर संस्कृत विद्यालय का दौरा किया। यहां शिक्षकों से कहा कि दाखिले के लिए बड़ी संख्या में आए आवेदन इस बात के प्रमाण हैं कि स्कूलों में बेहतर काम हो रहा है। अब समय आ गया है कि स्कूल अपनी पहुंच का विस्तार करे।
रणवीर संस्कृत विद्यालय में कुलपति ने 12000 से ज्यादा किताबों वाली लाइब्रेरी की सराहना की। सुझाव दिया कि दुर्लभ किताबों की एक सूची ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाए, ताकि वैश्विक स्तर पर अकादमिक समुदाय और शोधकर्ता इन अमूल्य संसाधनों की जानकारी प्राप्त कर सकें।
बॉयज स्कूल में जल्द होगा नए हॉस्टल का शुभारंभ
कुलपति ने चारों स्कूल परिसरों में हॉस्टल, प्रयोगशालाओं, क्लासरूम आदि का निरीक्षण किया। सेंट्रल हिंदू बॉयज स्कूल में पहुंचने पर प्रधानाचार्य डॉ. स्वाति अग्रवाल ने उन्हें बताया कि हाल ही में विस्तार के बाद इसकी क्षमता 104 से बढ़कर 160 छात्रों कर दी गई है। कहा कि छात्रों के लिए आरामदायक और अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाने चाहिए। इस दौरान स्कूल बोर्ड की उपाध्यक्ष प्रो. सुषमा घिल्डियाल, गर्ल्स स्कूल की प्रधानाचार्य प्रो. मधु कुशवाहा, रणवीर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. आनंद कुमार मौजूद रहे।