Varanasi News: एयरपोर्ट रन-वे पर आग पर तो काबू पा लिया गया, लेकिन तेज हवा दिन भर परेशान करती रही। इस कारण कोलकाता से आने वाला जो विमान शाम 4:35 बजे आता है, वह करीब डेढ़ घंटे देरी से 6:08 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पर उतरा। इसी तरह दिल्ली का जो विमान अपराह्न 3:20 बजे आता है, वह एक घंटे लेट से 4:20 बजे यहां पहुंचा।
रन-वे किनारे घास में आग लगने की वजह से हैदराबाद से यात्रियों को लेकर गोरखपुर आ रहा इंडिगो एयरलाइन का बोईंग विमान गुरुवार को एयरपोर्ट पर नहीं उतर सका। 20 मिनट तक आसमान में चक्कर लगाने के बाद उसे वाराणसी डायवर्ट करना पड़ा। वहां थोड़ी देर रुककर विमान फिर हैदराबाद चला गया।
विज्ञापन
गोरखपुर के यात्री दूसरे साधनों से वाराणसी से वापस आए। वहीं दिल्ली और कोलकाता से आने वाले विमान भी तेज हवा की वजह से देरी से गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचे।
इंडिगो का एक विमान गुरुवार को हैदराबाद से 150 यात्रियों को लेकर गोरखपुर आ रहा था। करीब 1:15 बजे विमान अपने तय समय पर गोरखपुर पहुंच गया, लेकिन रन-वे के आस-पास घास में किसी वजह से आग लग जाने के कारण उसे एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति नहीं मिली। करीब 20 मिनट तक विमान को उतारने का प्रयास चलता रहा। जब आग नहीं बुझी तो विमान को वाराणसी एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट कर दिया गया।
निरस्त करनी पड़ी हैदराबाद की उड़ान
हैदराबाद से विमान 1:15 बजे गोरखपुर आता है, जो 40 मिनट रुककर फिर हैदराबाद और बंगलूरू के लिए उड़ान भरता है। विमान वाराणसी डायवर्ट होने की वजह से वह वहीं से वापस चला गया। इसलिए गोरखपुर से हैदराबाद की उड़ान निरस्त करनी पड़ी।