यूपी के सोनभद्र में बीते रविवार को जंगल में मिले महिला के शव की शिनाख्त हो गई। पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि अवैध संबध के शक में महिला के पति ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस लाइन में शुक्रवार को एसपी आरपी सिंह ने बताया कि दस वर्ष पूर्व झारखंड के गढ़वा जिले के बड़डिहा निवासी अंबिका रजवार ने बड़ी बेटी सरिता (30) की शादी विशुनपुरा थाना क्षेत्र के चितरी गांव निवासी विकास उर्फ विकास रजवार से किया था। सिंगरौली में विकास हाइवा ट्रक चालक है।
19 मई को सरिता अपने ससुराल से पति को बुलाने पर रेणुकूट रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। 20 मई को रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो के दक्षिण-पूर्वी जंगल में सरिता का शव मिला था।
पिता से पूछताछ करने के बाद उसके दामाद के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाकर जांच पड़ताल शुरू हुई तो विकास शक के दायरे में आ गया। एसपी ने बताया कि विकास को शक था कि पत्नी का किसी दूसरे व्यक्ति से अवैध संबंध हो गया है। इसलिए उसने पत्नी को रेणुकूट बुलाकर चाकू से उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद शव को जंगल में फेंक कर फरार हो गया, ताकि उस पर कोई संदेह न करें। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और दो मोबाइल बरामद हुए है। आरोपी का हत्या के आरोप में चालान कर दिया गया। एसपी ने कहा हत्या का खुलासा करने वाली टीम को पांच हजार नकद प्रोत्साहन राशि दी गई है।