सर्किट हाउस के समीप रामनगर निवासी युवक के साथ मारपीट और रुपये छीने जाने के मामले में कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। रामनगर थाना क्षेत्र के कोदोपुर निवासी अमित राय के अनुसार वह शुक्रवार की शाम अपने निजी वाहन से सर्किट हाऊस के पीछे अधिकारी हॉस्टल में अपनी बहन से मिलने जा रहे थे।
अधिकारी हॉस्टल के पास सड़क पर गाड़ी रोक कर दाएं साइड का दरवाजा खोल कर वह उतरे। उसी दौरान एक बाइक सवार द्वारा उनके वाहन के दरवाजे में टक्कर मार दी गई। उसके बाद उनके पीछे वकील की यूनिफार्म में आए दो व्यक्तियों द्वारा भी बाइक से टक्कर मारी गई। वह जब तक कुछ समझ पाते तीनों ने उनके ऊपर हमला कर दिया। इसके साथ ही जेब में रखे 20 हजार रुपये छीन लिए।
लहरतारा स्थित एक कार शोरूम के कर्मचारी पर एक युवती ने पैसा लेकर चारपहिया वाहन न देने का आरोप लगाते हुए मंडुवाडीह थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मिर्जापुर जिले के अमोई की रहने वाली रीना के अनुसार उन्होंने वर्ष 2021 से 2022 के बीच लहरतारा क्षेत्र स्थित एक कार शोरूम के कर्मचारी अनुराग सिंह को चारपहिया वाहन के लिए एक लाख उनतीस हजार पांच सौ रुपये ऑनलाइन दिया था। बाकी रुपये नगद दिया था। युवती का आरोप है कि अनुराग द्वारा कहा गया कि आपकी कार आने में लगभग दो महीने लग जाएंगे, लेकिन करीब पांच महीना बीत जाने के बाद भी कार नहीं मिली। अब अनुराग फोन भी नहीं उठाता है। शोरूम में जाने पर पता लगा कि अनुराग सिंह वहां से भाग गया है।
मटूका गांव निवासी मनीष की तहरीर के आधार पर कपसेठी थाने में शिवम पटेल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि आरोपी मामूली विवाद में गांव निवासी आरोपी अपने लोगों के साथ पीड़ित के घर पर आया और उसकी पत्नी प्रीति पटेल के साथ मारपीट किया। सभी ने जान से मारने की धमकी भी दी।