राजातालाब क्षेत्र में लगने वाले भीषण जाम से परेशान लोगों ने अब ओवरब्रिज की मांग को लेकर अनशन का निर्णय लिया है। जाम मुक्ति संघर्ष मोर्चा ने 28 सितंबर से राजातालाब रेलवे स्टेशन के पास धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है। सोमवार को उप जिलाधिकारी राजातालाब को ज्ञापन सौंपा गया। स्थानीय बाजार में असवारी से राजातालाब बाजार तक और राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रतिदिन जाम लगता है। यह क्षेत्र मिर्जापुर और दक्षिणी-पश्चिमी गांवों को वाराणसी से जोड़ता है। यहां इंटर कॉलेज, महाविद्यालय, तहसील और सब्जी मंडी जैसे 50 से अधिक संस्थान हैं। पिछले साल अतिक्रमण हटाने के लिए लाल निशान लगाए गए थे, लेकिन अतिक्रमण जारी है। जाम मुक्ति संघर्ष मोर्चा ने अधिकारियों को कई बार सूचना दी, पर ठोस परिणाम नहीं निकला। मोर्चा के नीरज पांडेय ने बताया कि मोहन सराय में रेल ब्रिज बन गया, जबकि राजातालाब का यह मार्ग अधिक व्यस्त है। गौरव मौर्य, राजीव मौर्या, राजू यादव, कार्तिकेय, अभिषेक पाठक ने कहा कि अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं, इसलिए धरना प्रदर्शन ही एकमात्र विकल्प है।