पुलिस ने बृजेश मिश्रा को दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल, चंदन बाबा को शिवपुर सीएचसी और गौतम मिश्रा को शास्त्री अस्पताल रामनगर में भर्ती कराया। इधर सबसे अधिक भीड़ जिला अस्पताल में रही। इसको देखते हुए रविवार की दोपहर में यहां सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई, जिससे कि किसी तरह की कोई टकराहट नहीं हो। वहीं, शास्त्री घाट पर चल रहे यूजीसी विरोधी अनशन को लेकर पुलिस की निगरानी जारी है।
कैंट इंस्पेक्टर राजकिशोर पांडेय ने बताया कि अनशन कर रहे लोगों की बिगड़ती तबीयत को देखते हुए उन्हें चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना जरूरी था। अस्पताल में चिकित्सकों ने भर्ती लोगों की जांच कर उपचार शुरू किया।
करणी सेना के जिलाध्यक्ष को किया हाउस अरेस्ट
शास्त्री घाट पर यूजीसी की नई नियमावली के विरोध में अनशन करने वाले जिन तीन लोगों की तबीयत बिगड़ने केबाद उनको अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। उनको लेकर अस्पतालों में गहमा-गहमी का माहौल रहा। अस्पतालों में दिन भर अनशनकारियों को देखने वालों की भीड़ लगी रही।
कई बार उनकी डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ के साथ ही पुलिस से नोंकझोंक भी हुई। अपराह्न 3 बजे करीब 8 लोग एलबीएस हॉस्पिटल रामनगर पहुंचे। यहां इमरजेंसी में तैनात ईएमओ डॉ.कृष्णकांत इलाज कर रहे थे। आरोप है कि यहां आए लोग भर्ती युवक को जबरन डिस्चार्ज करवाकर साथ ले गए।
उधर, यूजीसी कानून के विरोध में करणी सेना के जिलाध्यक्ष आलोक सिंह को पार्वती नगर स्थित आवास पर हाउस अरेस्ट कर लिया। इस पर समर्थक अर्दली बाजार महावीर मंदिर के पास सड़क पर धरने पर बैठ गए। रात 9 बजे जिला अस्पताल में विरोध के बीच बृजेश मिश्रा को एसीपी कैंट प्रज्ञा पाठक सहित अन्य पुलिसकर्मियों क मौजूदगी में डिस्चार्ज कर दिया गया।