काशी विश्वनाथ मंदिर और प्रमुख गंगा घाटों के पास होटलों, गेस्ट हाउसों और होम-स्टे संचालकों ने रेट में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है। दशाश्वमेध और मंदिर परिक्षेत्र के आसपास कमरों का एक दिन का किराया 55 से 60 हजार रुपये तक है। रामघाट पर होटल अवंतिका का एक दिन का किराया 85 हजार रुपये है। बृजरामा पैलेस के कमरे का एक दिन का किराया 60 से 72 हजार है। एयर शो को देख होटलों और होम स्टे संचालकों ने भी किराए डेढ़ गुने तक हैं।
आगरा में 35 हजार तो बनारस में 1.25 लाख रुपये कमरे का रेट : गोदौलिया और दशाश्वमेध घाट से पांच किलोमीटर दूर भेलूपुर और दुर्गाकुंड जैसे इलाकों में भी पर्यटकों को एक कमरे के लिए 65 हजार से 1.25 लाख रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं। इसकी तुलना में 24 नवंबर की तारीख पर आगरा में ताजमहल के पास प्रीमियम कमरों का किराया 25 से 35 हजार रुपये के आसपास है।
काशी में इस बार देव दिवाली से पहले पर्यटन की दिवाली मनाई जाएगी। सेना के जो भी अधिकारी, पर्यटक आएंगे वह एयर शो के बाद बनारस भी घूमेंगे। इससे पर्यटन को मजबूती मिलेगी। एयर शो में देश भर से अतिथियों के जुटने की संभावनाएं हैं। - राहुल मेहता, अध्यक्ष, टूरिज्म वेलफेयर एसोसिएशन।
देव दीपावली पर 1.30 लाख में मिल रहे कमरे
24 नवंबर को देव दीपावली के लिए शहर में कमरे मिलना नामुमकिन सा हो गया है। देव दिवाली अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रांड बनारस के रूप में स्थापित हो चुकी है। ऑनलाइन ट्रैवल और होटल बुकिंग के आंकड़ों के मुताबिक, गोदौलिया, जंगमबाड़ी, बंगाली टोला, लंका और अस्सी क्षेत्र में एक कमरे का किराया 1.30 लाख रुपये से लेकर 1.60 लाख रुपये तक पहुंच गया है। बंगाली टोला में अमृतारा सूर्योदय हवेली के कमरे का एक दिन का किराया 1.40 लाख रुपये दर्ज है। बीएचयू से पांच किमी की दूरी पर स्टेविस्टा का किराया 1.36 लाख रुपये है।