घटनास्थल पर पहुंची पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
चुनाव के दौरान ही कंचन और राखी के बीच काफी नजदीकियां बढ़ गई थी। दोस्ती इस तरह की बनी कि दोनों एक साथ काफी समय बिताने लगे। गुरुवार सुबह नौ बजे राखी वर्मा ने कंचन को फोन कर अपने घर बुलाया। जिसके बाद कंचन के पति संजय ने बाइक से उसे राखी के घर पहुंचाया।
अभी वो वापस घर भी नहीं पहुंचा था कि राखी की भाभी सीमा ने फोन कर कहा कि आकर अपनी पत्नी को ले जाओ। जिसके बाद संजय वापस राखी के घर पहुंचा। बताया गया कि दोनों दूसरे तल पर स्थित कमरे में है। संजय वहां पहुंचा तो उसके पैरों तले से जमीन खिसक गई। कंचन लहूलुहान हालत में फर्श पर गिरी थी। उसके गले पर फावड़े से वार किया गया था। पास में ही फावड़ा पड़ा था। जबकि बगल की चारपाई पर राखी बैठी थी।
संजय ने शोर मचाया तो ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी नजारा देख कर सन्न रह गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या में प्रयुक्त फावड़े को कब्जे में ले लिया और हत्यारोपी राखी को हिरासत में ले लिया। मृतका के देवर राजीव कुमार ने कपसेठी पुलिस को तहरीर देकर राखी एवं उसके परिवार के सीमा देवी, मनोज बजरंगी, सावित्री, अमित समेत पांच के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने हत्या संबंधी धारा में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
ग्रामीण एवं हत्यारोपी राखी वर्मा के परिजनों का कहना है कि राखी की शादी कहीं तय हुई थी। आरोप है कि कंचन ने उसके ससुराल वालों से यह कह दिया था कि राखी की मानसिक स्थिति अच्छी नहीं है। उससे शादी न करें जिससे वह नाराज हो गई और घटना को अंजाम दे दिया। वहीं कुछ लोगों ने कहा कि कंचन और राखी के बीच बड़े अंतरंग संबंध थे।
कंचन के परिजन दबाव डाल रहे थे कि राखी से दूरी बना लो। जिस कारण ने कंचन ने राखी से दूरी बनाना शुरू कर दी थी। इसी बात से नाराज होकर राखी ने कंचन को मौत के घाट उथार दिया। इधर, एडिशनल एसपी ग्रामीण नीरज पांडेय का कहना है कि मृतका और हत्याआरोपी के बीच समलैंगिक संबंध स्थापित हो गए थे।
दोनों का किसी भी पुरुष में कोई दिलचस्पी नहीं थी। अगर हत्यारोपी की शादी हो जाती तो दोनो मे दूरी बढ़ जाती जबकि दोनों एक दूसरे से दूर हो जाने पर बेचैन हो जाते थे। इसी कारण मृतका ने शादी बिगड़ने का प्रयास किया जिससे गुस्सा होकर राखी ने कंचन को मार डाला। फिलहाल मामला चाहे जो भी हो पुलिस जांच में जुटी हुई है। कंचन एक बेटा और एक बेटी की मां थी।