उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि शास्त्री घाट के निर्माण में हेरिटेज लुक दिखाने पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे आसपास के ऐतिहासिक किले और इमारतों से घाट का वास्तुशिल्प मिलता जुलता दिखाई दे। घाट के निर्माण में हेरिटेज लाइट और हरियाली का विशेष ध्यान दिया गया है।
उन्होंने बताया कि लगभग 10.55 करोड़ की लागत से घाट का निर्माण हुआ है। घाट की लम्बाई लगभग 130 मीटर है। घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग व घाट पर सीढ़ियों के अलावा दिव्यांगजनों और वृद्धों के लिए रैंप है। शास्त्री घाट काशी नरेश के रामनगर किला के पास स्थित है। किला के पत्थरों से मिलते जुलते चुनार के स्टोन का भी घाट के निर्माण में इस्तेमाल किया गया है। इस पक्के घाट के निर्माण से गंगा पार में भी पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी।