हांगकांग से नई दिल्ली आ रहे स्पाइसजेट के विमान के इंजन में खराबी आने पर वाराणसी में आपात लैंडिंग कराई गई। रविवार को यहां लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग से एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
यात्रियों को आठ घंटे से भी ज्यादा देर तक टर्मिनल पर इंतजार करना पड़ा। बाद में इन यात्रियों को विशेष विमान से नई दिल्ली भेजा गया। घंटों इंतजार कराने व अन्य परेशानियों के चलते वाराणसी व नई दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्रियों ने हंगामा किया।
स्पाइसजेट का 737 बोइंग मैक्स विमान रविवार को 143 (एक बच्चा भी शामिल) यात्रियों को लेकर हांगकांग से नई दिल्ली आ रहा था। उड़ान के दौरान विमान के इंजन में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण पायलट ने एटीसी से विमान को उतारने की अनुमति मांगी। आपात लैंडिंग की सूचना प्रसारित होते ही एयरपोर्ट परिसर में अफरा तफरी मच गई।
काफी देर तक आसमान में मंडराने के बाद सुबह 11 बजे के करीब वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। बाद में यात्रियों को यह बताया गया कि बस कुछ ही देर में दूसरा विमान आ रहा है और उससे सभी को भेजा जाएगा। घंटों गुजर जाने के बाद जब विमान नहीं पहुंचा तो यात्रियों ने हंगामा किया। इसमें कुछ विदेशी यात्री भी थे।