केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि संसद के शीतकालीन सत्र में जीएसटी बिल पर होने वाली चर्चा में कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों का समर्थन सरकार को प्राप्त है। बिल पास कराने में किसी तरह का कोई अवरोध नहीं होगा।
यूपी कॉलेज के संस्थापन समापन समारोह में भाग लेने आए राजनाथ ने पत्रकारों से बातचीत में ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि शीतलकालीन सत्र में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। जीएसटी जैसे महत्वपूर्ण बिल पर कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दल साथ हैं। इसमें किसी तरह का कोई गतिरोध नहीं है।
पाक अधिकृत कश्मीर के फारूख अब्दुल्ला के बयान पर उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। कहा कि इस बारे में वह कुछ नहीं कहेंगे। पत्रकारों द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा जनलोकपाल विधेयक के सवाल पर भी उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की।
कहा कि भारत पड़ोसियों के साथ अच्छे संबंध बनाना चाहता है लेकिन यदि सरहद पार से गोली चलेगी तो भारत उसका जवाब गोली से ही देगा। कहा कि अंतर्राष्ट्रीय जगत में भारत की छवि बढ़ी है। साहित्यकारों द्वारा सम्मान वापस लौटाने के सवाल पर कहा कि इस तरह का मामला राज्य सरकार के अधीन है, ऐसे में राज्य सरकार को प्रभावी कदम उठाना चाहिए।