होली पर शराब पीकर सड़कों पर हुड़दंग करने वाले सजग हो जाएं। पुलिस की ओर से कहा गया है कि हुड़दंग करने वालों को हवालात में डाला जाएगा। रविवार को पुलिस ने मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पैदल गश्त कर अपील की कि शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाएं और धार्मिक स्थलों पर रंग न डालें। चेतावनी दी है कि सोमवार शाम से मंगलवार शाम तक शराब और बीयर की बिक्री की गई तो दुकान का लाइसेंस निरस्त करा दिया जाएगा।
एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि सभी थानाध्यक्षों, हल्का प्रभारियों और बीट आरक्षियों को क्षेत्र में निरंतर भ्रमण करते रहने को गया है। सोशल मीडिया पर कोई अफवाह फैलाएगा तो उसे चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। जिन मार्गों से होली जुलूस निकलेंगे, उन पर समन्वय समितियों के लोग भी तैनात रहेंगे।
एसएसपी ने बताया कि जिले में 2223 पर होलिका जलाई जाती है। इनमें से 352 होलिका संवेदनशील और 84 अति संवेदनशील हैं। अति संवेदनशील होलिका की निगरानी दरोगा करेंगे। संवेदनशील होलिका की निगरानी के लिए सिपाही तैनात किए जाएंगे। होलिका के जलने तक पुलिसकर्मी ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात रहेंगे।