राजाघाट के बसंता डिग्री कॉलेज हुए गुलाबी बसंत कार्यक्रम में संस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करतीं
वाराणसी। वसंत महिला महाविद्यालय, राजघाट में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘गुलाबी वसंत’ में छात्राओं ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी। इस दौरान मसाने की होली और शिव अवतार पर आधारित मनमोहक नृत्यों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में पद्मश्री प्रो. मंगला कपूर और वेटलिफ्टिंग चैंपियन रूबी सिंह पर आधारित दो वृत्तचित्र भी प्रस्तुत किए गए।
महिला विकास प्रकोष्ठ की समन्वयक प्रो. प्रीति सिंह ने 15 दिवसीय ‘स्त्री शक्ति फोर्टनाइट’ के तहत महाविद्यालय के 10 क्लबों की ओर से सभी कार्यक्रमों की रिपोर्ट दी। इसमें मनःशक्ति क्लब, मैत्रेयी फोरम, फ़ोटोग्राफी क्लब, अर्थवाद क्लब, क्वेस्ट ऑफ पास्ट क्लब, पिटारा क्लब आदि की गतिविधियों की विस्तार से जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम में महिला विकास प्रकोष्ठ की ई-मैग्जीन ‘वामा’ के पांचवें अंक का विमोचन भी किया गया। क्रिएटिव क्लब और संगीत विभाग की छात्राओं ने प्रो. संजय वर्मा के नेतृत्व में गायन और नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। डॉ. अमृत मिश्रा के मार्गदर्शन में काशी की प्रसिद्ध मसाने की होली और शिव अवतार पर नृत्य कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। इसके अलावा छात्राओं ने अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। कार्यक्रम में उपस्थित पद्मश्री प्रो. मंगला कपूर और रूबी सिंह ने इस तरह के आयोजनों को परंपरा से जोड़ने वाला बताया। अतिथियों का स्वागत महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. अलका सिंह ने किया। इस दौरान प्रो. परवीन सुल्ताना, प्रो. सीमा श्रीवास्तव, प्रो. आम्रपाली और डॉ. ऋचा मिश्रा भी मौजूद रहे।