सोनल ने एक गोल किया, लालपुर के भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में हुई प्रतियोगिता
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
वाराणसी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिलास्तरीय बालिका हॉकी प्रतियोगिता के खिताबी मुकाबले में मंगलवार को एलबीएस ने विवेक हाॅकी एकेडमी को 3-0 से हराकर चैंपियन का खिताब जीता। खेल विभाग की ओर से लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा संकुल स्पोर्ट्स स्टेडियम में लाल बहादुर शास्त्री शिक्षण संस्थान (एलबीएस) की खिलाड़ियों ने आपसी तालमेल से विपक्षी खिलाड़ियों पर दबाव बनाए रखा। 10वें मिनट में सोनम सिंह के पास पर तनु यादव ने गोल कर एलबीएस को 1-0 से बढ़त दिला दी । एक गोल से पिछड़ने के बाद विवेक हाॅकी एकेडमी के खिलाड़ियों ने छोटे-छोटे पास दिए। 13वें मिनट में एक आसान गोल करने में स्मृति चौबे नाकाम रहीं। 14वें मिनट में सृष्टि पटेल के पास पर तनु यादव ने शानदार गोल कर एलबीएस को 2-0 से बढ़त दिला दी। पहले हाफ में यही स्कोर रहा। दूसरे हाफ में दो गोल से पिछड़ने वाली विवेक एकेडमी ने एलबीएस पर दबाव बनाए रखा, लेकिन एलबीएस की गोलकीपर दीपिका यादव ने सटीक बचाव कर टीम को संकट से उबरा। 35वें मिनट में सोनल सिंह ने एकल प्रयास से शानदार गोल कर एलबीएस को 3-0 की मजबूत बढ़त दिला दी। यही बढ़त अंत तक रही। मुख्य अतिथि डॉ. भूपेंद्र प्रताप सिंह ने दोनों टीमों को पुरस्कृत किया। पूर्व पंचायत सदस्य अखिलेश सिंह विशेष अतिथि रहे। उप क्रीड़ा अधिकारी अकरम मोहम्मद ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस मौके पर कोच अंकित गुप्ता, जावेद खान, रफीक, इदरीस अहमद मौजूद रहे।