इस हार के साथ ही सेमीफाइनल में पहुंची वाराणसी टीम का सफर प्रतियोगिता में थम गया। वहीं बस्ती मंडल की टीम फाइनल में पहुंच गई। बस्ती की ओर से पहला गोल 31वें मिनट में नीरज राजभर ने किया। इसके बाद मैच के 33वें मिनट में बस्ती के रवि राजभर ने गोलकर स्कोर 2-0 कर दिया। वाराणसी मंडल को गोल करने के दो अच्छे मौके मिले लेकिन बॉल गोलपोस्ट के बाहर चली गई।
दूसरा सेमीफाइनल लखनऊ और झांसी मंडल के बीच हुआ। इसमें लखनऊ ने झांसी मंडल की टीम को 2-1 से हराया। मैच का पहला गोल मैच 32वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक से झांसी के अमित पाल ने किया और टीम का स्कोर 1-0 कर दिया।
पलटवार करते हुए लखनऊ मंडल के मोहम्मद कैफ ने 44वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर से गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों में कांटे का मुकाबला देखने को मिला। 47वें मिनट में मैच का निर्णायक गोल कर मोहम्मद कैफ ने लखनऊ टीम को फाइनल में पहुंचा दिया।