सेमीफाइनल में पुणे ने लखनऊ को और यूपी संयुक्त छात्रावास ने दिल्ली सचिवालय को हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
वाराणसी। यूपी और पुणे की टीमें मोहम्मद शाहिद अखिल भारतीय प्राइजमनी पुरुष हॉकी प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंच गईं। रविवार को लालपुर के डाॅ. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा संकुल में सेमीफाइनल में पेनल्टी शूट आउट में सीजीएसटी कस्टम पुणे की टीम ने साई लखनऊ को 4-3 से और यूपी संयुक्त छात्रावास ने केंद्रीय सचिवालय दिल्ली को पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया।
तीसरे स्थान के लिए केंद्रीय सचिवालय दिल्ली और भारतीय खेल प्रधिकरण (साई) लखनऊ के बीच मुकाबला होगा। जबकि फाइनल मुकाबला यूपी संयुक्त छात्रावास और कस्टम पुणे के बीच खेलमंत्री गिरीश चंद यादव की उपस्थिति में सोमवार को होगा।
सेमीफाइनल के पहले मैच के चौथे मिनट में पुणे के अंकित ने गोल कर टीम को 1-0 आगे कर दिया। 41वें मिनट में साई के सैफ मुहम्मद ने पेनल्टी कार्नर को गोल में बदलकर अपनी टीम को 1-1 की बराबरी पर पहुंचा दिया। कोई नजीता न निकलने पर पेनल्टी शूट आउट का सहारा लिया गया। दोनों टीम 3-3 की बराबरी पर रही। इसके बाद सडनडेथ का सहारा लिया गया। इसमें कस्टम पुणे 4-3 से विजयी रही।
दूसरे मुकाबले में दिल्ली के साकिर मुहम्मद ने 51वें मिनट में पेनल्टी कार्नर को गोल में बदल कर स्कोर 1-0 किया। 54वें मिनट में सिद्धनाथ सिंह ने भी पेनल्टी कार्नर को गोल में बदलकर यूपी का स्कोर 1-1 कर दिया। इसी स्कोर पर मैच समाप्त हुआ। निर्णय के लिए पेनल्टी शूट आउट का सहारा लिया गया जिसमें यूपी टीम ने 4-3 गोल जीत दर्ज की।