लालपुर स्टेडियम में 30 खिलाड़ियों ने स्कूप का लिया प्रशिक्षण
हॉकी वाराणसी की ओर से सब जूनियर बालिका हॉकी खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर मंगलवार को लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में शुरू हुआ। पहले दिन 30 बालिकाओं ने स्कूप का प्रशिक्षण लिया। कोच इदरीस अहमद ने बताया कि खिलाड़ियों ने तीस मिनट वॉर्म अप रनिंग, स्प्रींट और गोलपोस्ट पर अभ्यास किया।
आधे घंटे की स्ट्रेचिंग की। पांच मिनट के विश्राम के बाद तीस मिनट हिट और स्टॉप का अभ्यास किया। इसके बाद हॉकी की बारीकियां सिखाई गई। वॉर्मअप के बाद आखिरी सत्र में दो टीम बनाकर अभ्यास किया। यह मैच लालपुर स्टेडियम और परमानंदपुर स्टेडियम के बीच खेला गया। मैच गोल रहित बराबरी पर छूटा।
चौबेपुर के राम आशीष कुश्ती के रेफरी नियुक्त
भारतीय कुश्ती संघ की ओर से फेडरेशन कप कुश्ती प्रतियोगिता 8 से 9 मार्च तक पंजाब के लवली प्रोफेशनल विश्वविद्यालय में होगी। निर्णायकों की सूची कुश्ती संघ ने जारी कर दी है। वाराणसी के चौबेपुर बर्थरा खुर्द निवासी राम आशीष यादव भी निर्णायक की भूमिका निभाएंगे। राम आशीष यादव राष्ट्रीय टीमों के खिलाड़ियों को कुश्ती प्रशिक्षण देने के साथ ही कई मैचों में निर्णायक की भूमिका निभा चुके हैं। 2024 में भारतीय टीम के कोच बने थे। संवाद
एथलेटिक्स प्रतियोगिता में खेलेंगी नीलू मिश्रा
बंगलूरू के कांतीरवा स्टेडियम में 45वीं ऑल इंडिया मास्टर्स एथलेटिक चैंपियनशिप नीलू मिश्रा ने जीत ली है। नीलू ने अक्तूबर में इंडोनेशिया में प्रस्तावित एशियन मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई कर लिया है। यूपी की ओर से वाराणसी की मास्टर्स एथलीट नीलू मिश्रा 50 प्लस आयुवर्ग के लॉन्ग जंप में रजत पदक जीता है। नीलू ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है।
मेडल के साथ संजय सिंह और अन्य खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
तीन खेलों में संजय सिंह ने जीते तीन पदक
अखिल भारतीय फायर सर्विस स्पोटर्स मीट दिल्ली के तिलकराज स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में हुई। वाराणसी के अग्निश्मन विभाग के फायर मैन संजय सिंह ने जिले का प्रतिनिधित्व कर तीन पदक जीते। वाराणसी एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव रमेश कुमार यादव ने बताया कि संजय सिंह ने चक्का फेंक में रजत, जैवलिन थ्रो और गोला फेंक में कांस्य पदक जीता। कोच चंद्रभान यादव, अनिल सिंह, फायर सर्विस विभाग के आनंद सिंह राजपूत, एफएसओ इंद्रजीत वर्मा और एफएसओ इंद्रजीत वर्मा ने बधाई दी है।
विभोर की कोचिंग में खेलेगी मुंबई टाइटंस
दिल्ली में आईएनबी प्रो लीग में 10 फरवरी को मुंबई टाइटंन की टीम खेलेगी। कोच वाराणसी के राष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच विभोर भृगुवंशी को बनाया गया है। मुंबई की टीम आक्रामक रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी। भारतीय बास्केटबॉल संघ के लीग में 6 टीमें खेल रही हैं। विभोर भृगुवंशी अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में भारतीय टीम के प्रशिक्षक रह चुके हैं।
बास्केटबॉल : कुवि ने बीएचयू को 69-32 से हराया
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी बास्केटबॉल महिला चैंपियनशिप में कड़े मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में 16 महिला टीमें अपनी-अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। खेल निदेशक प्रो. दिनेश राणा ने बताया कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की टीम ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय की टीम को 69-32 के अंतर से हराया। इस दौरान विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
हैंडबॉल में खेलेंगे वाराणसी मंडल के खिलाड़ी
खेल विभाग की ओर से प्रदेशस्तरीय समन्वय जूनियर हैंडबॉल प्रतियोगिता लखनऊ में खेली जाएगी। जिले की सब जूनियर बालक टीम का चयन ट्रायल मंगलवार को लालपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में हुआ। चयनित 12 सदस्यीय खिलाड़ी 8 से 11 मार्च तक लखनऊ में प्रतियोगिता में खेलेंगे।
पैरालिंपिक की 11 स्पर्धाओं में खेलेंगे 123 विभागों के खिलाड़ी
विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद की ओर से पैरालिंपिक प्रतियोगिता एंफीथियेटर मैदान पर खेली जाएगी। विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद ने तिथि घोषित करने के साथ ही आयोजन से संबंधित पदाधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। पैरालिंपिक में 5 संस्थान और 16 संकाय के 123 विभागों के 300 दिव्यांग खिलाड़ी खेलेंगे।
दो दिवसीय प्रतियोगिता सात और आठ मार्च को खेली जाएगी। पहले दिन सात जबकि दूसरे दिन पांच मुकाबले होगे। अलग-अलग संकायों के दिव्यांग खिलाड़ियों ने अभ्यास शुरू कर दिया है। पैरालिंपिक में क्रिकेट, रस्साकशी, स्लो साइकिल, शतरंज, बैडमिंटन, कैरम, बैडमिंटन आर्थो, तीन पहिया साइकिल दौड़, 50 मीटर रेश, शॉर्टपुट और रंगोली प्रतियोगिता होगी।
बोले अधिकारी
दिव्यांग खिलाड़ियों को खेलकूद से जोड़कर उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए पैरालिंपिक कराया जाएगा। बीएचयू के अलग अलग विभागों के दिव्यांग खिलाड़ी इसमें खेलेंगे। - प्रो. बीसी कापरी, महासचिव विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद बीएचयू
ग्रामीण खेल लीग में विजेता वाराणसी की फुटबाॅल टीम।
- फोटो : अमर उजाला
तीन दिवसीय राज्यस्तरीय ग्रामीण खेल लीग का समापन, 31वें मिनट में पहला गोल वाराणसी ने किया
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश ग्रामीण खेल लीग आयोजित की जा रही है। इसके तहत मंगलवार को फुटबाॅल मैच के फाइनल में वाराणसी जोन ने 4-0 गोल से गोरखपुर को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया।
तीन दिवसीय राज्यस्तरीय ग्रामीण खेल प्रतियोगिता के तहत राजकीय इंटर कॉलेज के मिनी स्टेडियम में फुटबाॅल प्रतियोगिता हुई। फाइनल मैच वाराणसी और गोरखपुर जोन के मध्य खेला गया। मैच में शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष हुआ लेकिन कोई भी टीम गोल करने में कामयाब नहीं हो सकी।
मैच के 31वें मिनट में वाराणसी के आर्य प्रताप ने पहला गोल करते हुए टीम को बढ़त दिलाई। 63वें मिनट में वाराणसी की टीम के खिलाड़ी आयुष राव ने दूसरा गोल किया। वहीं गोरखपुर जब तक गोल करने के लिए संघर्ष करती, उससे पहले मैच के 64वें मिनट में वाराणसी के अभि ने तीसरा गोल दाग दिया। मैच के 72वें मिनट में वाराणसी के आर्य प्रताप ने चौथा गोल कर 4-0 गोल से गोरखपुर का हराया।
समापन समारोह में उपनिदेशक युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल मनोज कुमार एवं क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी प्रशांत सिंह जादौन ने विजेता टीम वाराणसी जोन को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाणपत्र प्रदान किया। निर्णायक मंडल में विकास विवेक दत्ता और आकाश आदि रहे।
युवा कल्याण विभाग ने शासन को भेजा प्रस्ताव, तीन-तीन हेक्टेयर में होगा निर्माण
ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं की प्रतिभा निखारने के लिए युवा कल्याण विभाग ने ब्लॉक स्तर पर दो स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा है। काशी विद्यापीठ ब्लॉक के करसड़ा और आराजीलाइन जक्खिनी इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर 7 करोड़ की लागत से मिनी स्टेडियम का निर्माण कराएगा।
जिला युवा कल्याण अधिकारी नितीश कुमार राय ने बताया कि तीन हेक्टेयर भूमि का सर्वे करा लिया गया है। करसड़ा में तीन हेक्टेयर में पांच करोड़ रुपये की लागत से स्टेडियम का निर्माण होगा। यहां जिम और शौचालय की भी सुविधा होगी। स्टेडियम में रनिंग ट्रैक बनेगा।
छह लेन का एथलेटिक्स ट्रैक बनेगा। इंडोर में भी अभ्यास कर सकेंगे। क्षेत्र में स्टेडियम नहीं होने से खिलाड़ियों को सिगरा और लालपुर स्टेडियम जाना पड़ता है। ब्लॉक स्तर पर स्टेडियम होने से ग्रामीण क्षेत्र में ही खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
ट्रैक के बाहरी छोर में बनेगा पाथवे
स्टेडियम में खेलो इंडिया के तहत युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। मल्टीपर्पज हॉल के साथ साथ बैडमिंटन कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट और दौड़ के लिए एथलेटिक्स ट्रैक का निर्माण कराया जाएगा।
इनकी भी सुनें
खिलाड़ियों को खेलने के लिए स्टेडियम नहीं है। इस वजह से यहां के खिलाड़ी सिगरा, परमानंदपुर और लालपुर स्टेडियम में खेलने जाते हैं। - राजकुमार करसड़ा
लंबे समय से क्षेत्र में स्टेडियम की मांग की जा रही थी। कई बार जनप्रतिनिधियों को मांग पत्र सौंपा गया है। - दिनेश पांडेय करसड़ा