विद्यापीठ में योग प्रतियोगिता के विजेताओं को किया गया सम्मानित।
- फोटो : अमर उजाला
दिव्यांग क्रिकेट टीम के खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी मंडल की दिव्यांग क्रिकेट टीम घोषित
मंडल की दिव्यांग क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी गई है। टीम 12 मई को बरेली में टी-20 मैच खेलेगी। टीम की कमान शिवम राजपूत को सौंपी गई है, जबकि आदेश पांडेय उप-कप्तान की भूमिका निभाएंगे। विकेटकीपर की जिम्मेदारी मनोज यादव संभालेंगे।
गोपाल यादव, राहुल, सलमान खान, धर्मराज यादव, भूटूर राजभर, उपेंद्र यादव, जुबैद, दिपेंद्र सिंह, जितेंद्र बूटा, जितेंद्र शाह और अतुल शुक्ला भी टीम में शामिल हैं। केच अविनाश राय को बनाया गया है, जबकि अजय यादव प्रबंधक के रूप में सहयोग करेंगे।
राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप टली
मध्य प्रदेश के भोपाल में 27 से 29 मई तक होने वाली 23वीं राष्ट्रीय जूनियर फेडरेशन एथलेटिक्स चैंपियनशिप भारत-पाकिस्तान युद्ध के कारण टाल दी गई है। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता अपने निर्धारित समय पर 18 और 19 मई को प्रयागराज में होगी।
शुक्रवार को सिगरा में प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए ट्रायल हुआ था। जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव रमेश यादव ने बताया कि जल्द ही अगली तिथि और स्थान की घोषणा की जाएगी। प्रयागराज में होने वाली प्रतियोगिता के लिए जिले स्तर की टीम का चयन कर लिया गया जो प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता हिस्सा लेगी।
बेबी लीग फुटबाॅल प्रतियोगिता में गोल करते नन्हें फुटबाॅलर।
- फोटो : अमर उजाला
लीग में कंचनपुर एफसी 16 अंकों के साथ टॉप पर
बरेका में फुटबाल नर्सरी की ओर से आयोजित बेबी फुटबाॅल लीग के सातवें दिन शनिवार को चार मुकाबले हुए। सर्वाधिक अंकों के आधार पर कंचनपुर एफसी, फुटबॉल नर्सरी जूनियर, कुमाऊं हीरोज और कंदवा एफसी ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
कंचनपुर एफसी ने सर्वाधिक 16 अंक हासिल किए, जबकि फुटबॉल नर्सरी जूनियर 13 अंकों, कुमाऊं हीरोज 12 अंकों और कंदवा एफसी 11 अंकों के साथ सेमीफाइनल में जगह बनाई।
प्रतियोगिता में 2 टीमों ने हिस्सा लिया था, जिनमें पहाड़ीपुर क्लब (7 अंक), भुल्लनपुर एफसी (5 अंक), जलाली पट्टी एफसी (7 अंक), वीरपुर एफसी (8 अंक), नाथूपुर एफसी (3 अंक) और फुटबॉल नर्सरी (5 अंक) भी शामिल थीं। शनिवार को पहले मैच में कुमाऊं हीरोज की खिलाड़ी खुशी के 10वें मिनट में गोल और मन्नत के अच्छे प्रदर्शन से टीम ने बाजी मारी।
दूसरा मैच फुटबॉल नर्सरी जूनियर और भुल्लनपुर एफसी के बीच खेला गया, जिसमें फुटबॉल नर्सरी जूनियर के यश ने 14वें मिनट में गोल कर टीम को जीत दिलाई।
तीसरे मैच में कंचनपुर एफसी ने जलालीपट्टी एफसी को हराया, जहां कंचनपुर के ध्रुव ने 12वें मिनट में निर्णायक गोल किया। चौथा मैच फुटबॉल नर्सरी और पहाड़ीपुर क्लब के बीच बराबरी पर समाप्त हुआ। निर्णायकों की भूमिका मोहनी, प्रीति, अनुप्रिया और कोमल ने निभाई।
सीएम एंग्लो बंगाली में 25 से नेटबॉल का प्रशिक्षण
जिला नेटबॉल संघ 25 मई से सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज में ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर लगाएगा। शिविर 5 जून तक चलेगा, 40 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिला नेटबॉल संघ के सचिव रणविजय सिंह ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों की प्रतिभा को तराशना और प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
गर्मियों की छुट्टियों में शिविर खिलाड़ियों को शारीरिक फिटनेस, तकनीकी कौशल, रणनीतिक समझ और टीम वर्क जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर ध्यान केंद्रित करने में मदद करेगा। खिलाड़ियों का चयन उनकी वर्तमान क्षमता और सीखने की ललक के आधार पर किया जाएगा, ताकि प्रशिक्षण अधिकतम प्रभावी हो सके। संवाद