25 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
- रोहनिया थाने की पुलिस की कार्रवाई, लूट और हत्या के प्रयास के दो मुकदमे में था वांछित
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहनिया। चितईपुर थाने के हिस्ट्रीशीटर और 25 हजार के इनामी बदमाश मनीष कुमार सिंह को बृहस्पतिवार को रोहनिया थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया। तारापुर टिकरी निवासी मनीष हत्या के प्रयास और लूट के प्रयास के आरोप के दो अलग-अलग मामलों में वांछित था।
8 अगस्त 2024 को भदवर में ट्रक चालक को लूटने के इरादे से उस पर फायरिंग की गई थी। फायरिंग में चालक और खलासी बाल-बाल बच गए थे। चार सितंबर 2024 को अवलेशपुर में सिगरेट का पैसा मांगने पर दुकानदार पर फायरिंग की गई थी। संयोग अच्छा था कि गोली दुकानदार को नहीं लगी थी।
इस संबंध में थानाध्यक्ष रोहनिया इंस्पेक्टर विवेक कुमार शुक्ला ने बताया कि दोनों ही वारदात में अन्य बदमाशों के साथ मनीष का नाम सामने आया था। बृहस्पतिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि मनीष कुमार सिंह छिपते हुए तारापुर टिकरी स्थित अपने घर पर आया है। सूचना के आधार पर भदवर चौकी प्रभारी राजदर्पण तिवारी और दरोगा अवनीश कुमार मिश्र व अमित सिंह की टीम के साथ दबिश देकर मनीष को गिरफ्तार कर लिया गया। फायरिंग की दोनों घटना में मनीष के साथ गोलू यादव, महेश यादव, पुनवासी और रानू पांडेय थे। चारों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।