जौनपुर के बदलापुर क्षेत्र के कटहरी गांव में प्रार्थना सभा के दौरान धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में रविवार को हिन्दू संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रार्थना सभा स्थल पर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। बाइक पर सवार प्रताप हिंदू सेना के कार्यकर्ता लेदुका बाजार से जुलूस निकालकर जय श्रीराम का जयघोष करते हुए कटहरी गांव पहुंचे।
प्रार्थना स्थल पर पहुंचकर हंगामा किया। प्रार्थना सभा के नाम पर धर्म परिवर्तन का आरोप लगाया। प्रार्थना सभा स्थल की दीवार पर जय श्रीराम लिखा। चंद्रसेन सिंह ने ग्रामीणों से कहा कि हम सब हिंदू धर्म से जुड़े हैं। हमको इस बात का फख्र होना चाहिए।
आज हिंदू समाज को तोड़ने के लिए तमाम मिशनरियां काम कर रही हैं। हम सब को संगठित रह कर अपनी ताकत दिखाने की जरूरत है। उन्होंने शनिवार को डीएम को शिकायती पत्र देकर धर्म परिवर्तन पर लगाम लगाने की मांग की थी।
आरोप है कि कटहरी गांव में एक व्यक्ति लोगों को तरह तरह का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन करा रहा है। प्रत्येक रविवार तथा गुरुवार यह काम किया जाता है। पूर्व की सूचना के कारण रविवार को प्रार्थना सभा स्थल पर धार्मिक स्लोगन, प्रार्थना के बारे में लिखे लेख को चूना पोत कर साफ किया और जय श्रीराम लिख दिया। भारत में रहना है तो जय श्रीराम कहना है के नारे लगाए।