तेज धूप और झुलसा देने वाली गर्म हवाओं के कारण जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है। दिन में यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने वाले रिक्शा चालक भी छांव में वाहन खड़ा कर आराम करते देखे जा रहे हैं। हालांकि तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज नहीं की गई, फिर भी लू के थपेड़ों ने जनजीवन को काफी प्रभावित किया है। मौसम विभाग के प्रभारी अतुल कुमार सिंह के अनुसार, सोमवार से लू का प्रभाव शुरू हो चुका है, जो 24 अप्रैल तक जारी रहने की संभावना है।
24 अप्रैल तक जारी रहेगी लू, बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, लू का यह दौर 24 अप्रैल तक लगातार बना रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। ऐसे में दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।
एक सप्ताह का अधिकतम और न्यूनतम तापमान
13 अप्रैल - 38.0 - 20.1
14 अप्रैल - 39.4 - 18.6
15 अप्रैल - 40.5 - 20.2
16 अप्रैल - 39.6 - 21.5
17 अप्रैल - 39.6 - 23.2
18 अप्रैल - 42.1 - 23.0
19 अप्रैल - 42.4 - 21.4
लू लगने के लक्षण: अचानक कमजोरी और थकान, तेज सिरदर्द, चक्कर आना, उल्टी या मतली महसूस होना, मांसपेशियों में ऐंठन, अत्यधिक पसीना आना या पसीना पूरी तरह बंद हो जाना, शरीर में झटका या बेहोशी जैसा अनुभव।